श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व की तैयारियां पूरी, 25 से 27 अक्टूबर तक श्री हरिमंदिर साहिब में होंगे भव्य धार्मिक समागम

अमृतसर स्थित सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में चौथे सिख गुरु श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस पावन अवसर पर 25 से 27 अक्टूबर तक विशेष धार्मिक समागम आयोजित किए जाएंगे। प्रकाश पर्व को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने के लिए विशेष कीर्तन दरबार, नगर कीर्तन, अलौकिक जलौ, दीपमाला और आतिशबाजी समेत कई कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। इन समागमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

श्री हरिमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी अमरजीत सिंह ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि हर साल की तरह इस बार भी संगत के सहयोग से प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 25 और 26 अक्टूबर को सोदर पाठ की समाप्ति के बाद विशेष कीर्तन दरबार सजाए जाएंगे। इनमें देश-विदेश से पहुंचने वाले प्रसिद्ध कीर्तनी जत्थे राग पड़ताल के तहत गुरबाणी कीर्तन करेंगे। ये कार्यक्रम शाम 7 बजे से रात 1 बजे तक चलेंगे, जिनमें संगत गुरबाणी कीर्तन का आनंद ले सकेगी।

26 अक्टूबर को श्री अकाल तख्त साहिब से निकलेगा नगर कीर्तन

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 26 अक्टूबर को सुबह 10 बजे श्री अकाल तख्त साहिब से विशेष नगर कीर्तन सजाया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत के शामिल होने की संभावना है। मुख्य ग्रंथी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने परिवारों के साथ नगर कीर्तन में शामिल होकर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करें।

27 अक्टूबर को अलौकिक जलौ, दीपमाला और आतिशबाजी

27 अक्टूबर को प्रकाश पर्व के मुख्य दिन सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के बाबा दीप सिंह जी वाले स्वरूप का प्रकाश किया जाएगा। इसके साथ ही श्री दरबार साहिब और बाबा अटल राय जी में अलौकिक जलौ सजाए जाएंगे। रात के समय दीपमाला और आतिशबाजी भी की जाएगी, जो इस धार्मिक आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।

रात्रि दीवान में भाई जसबीर सिंह खन्ने वाले और भाई साहिब भाई इंद्रपाल सिंह विशेष रूप से हाजिरी भरेंगे। इस दौरान गुरबाणी कीर्तन और धार्मिक विचारों के माध्यम से संगत को गुरु साहिब की शिक्षाओं से जोड़ा जाएगा।

9 नवंबर तक जारी रहेंगे विशेष धार्मिक कार्यक्रम

प्रकाश पर्व के अवसर पर 25 अक्टूबर से 9 नवंबर तक गुरुद्वारा दीवान हॉल मंजी साहिब में अमृत वेले विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व को समर्पित मुख्यवाक और गुरमत विचारों का प्रवाह जारी रहेगा।

मुख्य ग्रंथी ज्ञानी अमरजीत सिंह ने देश-विदेश की संगत से अपील की है कि वे अपने परिवारों सहित इन धार्मिक समागमों में शामिल हों और गुरु घर में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त करें। उन्होंने समूची संगत को श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *